उत्तर प्रदेश

UP: खुद को किसान नेता बताने वाला चोरी की बोलेरो के साथ अरेस्ट, पहचान छिपाने के लिए मॉडिफाई करवा ली थी कार

UP News: मुजफ्फरनगर (muzaffarnagar) में एक युवक ने बोलेरो चोरी कर ली. इसके बाद उसे मॉडिफाई करवा लिया. आरोपी ने कार पर राजनीतिक दल का झंडा लगाकर उसे चलाना शुरू कर दिया. पुलिस ने चेकिंग के दौरान इस कार को पकड़ लिया. पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी ने खुद को किसान नेता बताया.

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (muzaffarnagar) में पुलिस ने वाहन चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बोलेरो चोरी करके उसे मॉडिफाई (modify) करवा लिया था. आरोपी उसी गाड़ी से चल रहा था. जब उससे पूछताछ की गई तो उसने खुद को किसान नेता बताया.

दरअसल, 12 फरवरी की देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रुड़की रोड से 9 सीटर बोलेरो चोरी हो गई थी. इस संबंध में कार मालिक ने केस दर्ज कराया था. केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी. इसी बीच सिविल लाइन थाना पुलिस ने बझेडी अंडरपास के पास चेकिंग शुरू की.

इस दौरान पुलिस ने एक बोलेरो कार को रोका. जब उसके दस्तावेज चेक किए तो पता चला कि यह वही गाड़ी है, जो रुड़की रोड से चोरी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने कार सवार से पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुमित धनगर बताया. उसने खुद को किसान नेता बताया.

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने बोलेरो को चोरी कर मॉडिफाई करा लिया था. इस पर झंडा और स्टीकर इसलिए लगा रखा था, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस उसे नहीं रोके. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

Related Articles

Back to top button