उत्तर प्रदेशलखनऊ

Railway News: मेमू से भी धीरे चल रहीं स्पेशल ट्रेनें, तय समय पर मंजिल तक नहीं पहुंच पा रहे यात्री

स्पेशल ट्रेनें मेमू जैसी ट्रेनों से भी धीरे चल रही हैं। ऐसे में यात्री अपने मंजिल पर तय समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं कैंट स्टेशन से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के समय पर नहीं पहुंचने से यात्रियों का समूह काउंटर पर नाराजगी जाहिर करता है।

यात्री सुविधाओं को लेकर शुरू हुई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें मेमू जैसी ट्रेनों से भी धीरे चल रही हैं। रविवार को 4 स्पेशल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से तीन से आठ घंटे की देरी से कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेन की लेटलतीफी से परेशान यात्रियों ने एक्स पर डीआरएम समेत अन्य रेल अधिकारियों से शिकायत भी दर्ज कराई।

कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ काउंटर के कर्मियों के अनुसार स्टेशन से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के समय पर नहीं पहुंचने से यात्रियों का समूह काउंटर पर नाराजगी जाहिर करता है। ट्रेन संख्या 04059 जयनगर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 4.15 बजे के बजाय आठ घंटे की देरी से 11.30 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची।

 

 

वहीं, ट्रेन संख्या 04080 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 9.45 बजे पहुंचने के बजाय 11.30 बजे कैंट स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन संख्या 04086 जम्मू-बनारस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय रात पौने 12 बजे के बजाय डेढ़ बजे रात में कैंट स्टेशन पहुंची। ट्रेन संख्या 05194 पनवेल-छपरा स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 4.15 बजे के बजाय सुबह 7.30 बजे कैंट स्टेशन पहुंची।

 

कोच में पानी की कमी, दुर्गंध के बीच सफर

जयनगर-आनंद विहार तक की यात्रा कर रहे यात्री अंबिका, बीके श्रीवास्तव ने बताया कि इस ट्रेन को कई बार जहां-तहां रोका गया। कोच में साफ-सफाई का अभाव और कोच में पानी तक की किल्लत रही। दुर्गंध के बीच सफर करने को बाध्य हुए। 139 नंबर पर शिकायत के बाद बनारस स्टेशन पर कोच में पानी भरा गया। रेल अधिकारियों ने बताया कि नियमित ट्रेनों को पास कराने और कई स्टेशन पर प्लेटफार्म खाली नहीं होने की दशा में स्पेशल ट्रेनों को जहां-तहां रोकना पड़ता है। पेयजल और साफ-सफाई तय स्टेशनों पर होती है।

Related Articles

Back to top button