राज्यहरियाणा

Haryana News: 2000 बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप करेंगे युवा, सरकार देगी ₹9,000 मासिक स्टाइपेंड

चंडीगढ़.

हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआइएस) का अधिक से अधिक लाभ युवाओं तक पहुंचाने के लिए बुधवार को पंचकूला में राज्यस्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया।

सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को देश की दो हजार अग्रणी कंपनियों में छह से नौ माह की इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। चयनित इंटर्न को प्रतिमाह नौ हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। युवा सशक्तीकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने कहा कि केंद्रीय बजट 2024-25 में घोषित यह योजना युवाओं को उद्योगों का व्यावहारिक अनुभव देकर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वविद्यालयों, कालेजों, आइटीआइ, पालिटेक्निक और अन्य शिक्षण संस्थानों से पात्र विद्यार्थियों और पासआउट युवाओं को योजना के लिए पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

10वीं पास युवा भी कर सकते हैं अप्लाई

  • उन्होंने बताया कि 10वीं, 12वीं, आइटीआइ, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण, लेकिन पूर्णकालिक नौकरी में नहीं लगे युवा योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं।
  • चयनित इंटर्न को मासिक सहायता के अलावा 6,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान दो किस्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से मिलेगा।
  • इसके साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के समान जीवन एवं दुर्घटना बीमा का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यशाला में इन लोगों ने लिया भाग
कार्यशाला में योजना के उद्देश्य, पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया और प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति व रजिस्ट्रार, केंद्रीय कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय, उद्योग, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग, सरकारी कॉलेजों, पॉलिटेक्निक, आटीआइ, फिक्की, सीआइआइ तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। हरियाणा में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग को राज्य नोडल विभाग बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button