उत्तर प्रदेशलखनऊ

Moradabad News: रेलवे बोर्ड की घोषणा के बाद भी यात्री दे रहे महंगा किराया

मुरादाबाद। रेलवे बोर्ड ने पांच दिन पहले पैसेंजर ट्रेनों में कोरोना से पहले वाला किराया लागू करने की घोषणा की थी। इसके बावजूद मुरादाबाद मंडल में रोजाना सैकड़ों यात्रियों से महंगा किराया लिया जा रहा है। रेलवे के सिस्टम पर न्यूनतम दूरी वाले स्टेशनों के लिए 10 के स्थान पर 30 रुपये किराया प्रदर्शित हो रहा है।

 

इस कारण हर दिन टिकट काउंटर पर रेलकर्मी व यात्रियों के बीच बहस हो रही है। कर्मचारियों का जवाब होता है कि अभी हमारे पास आदेश नहीं आए हैं। जबकि यात्री रेलवे बोर्ड की घोषणा का हवाला देते हैं। ज्ञात हो कि कोरोना काल के दौरान 2020 में रेलवे ने सभी पैसेंजर ट्रेनों को एक्सप्रेस ट्रेन बनाकर चलाना शुरू किया था। इसके कारण तीन गुना तक किराया बढ़ गया था, लेकिन किराये का पुराना स्लैब लागू होने से अब न्यूनतम किराया 10 रुपये हो जाएगा। फिलहाल मुरादाबाद से मछरिया, फरहेदी, कुंदरकी, अगवानपुर, कांठ, संभल तक जाने वाले यात्री 10 के स्थान पर तीस रुपये चुका रहे हैं। दैनिक यात्रियों ने इसे लेकर एक्स पर पोस्ट भी किया है। दैनिक रेल यात्री संगठन के अध्यक्ष सुधीर पाठक का कहना है कि घोषणा के बावजूद सस्ता किराया लागू न करना यात्रियों से लूट जैसा है। रेलवे प्रशासन का जवाब है कि पुराना किराया बहाल करने से संबंधित आदेश पत्र अभी प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र मिलते ही पुराना किराया बहाल कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button