उत्तर प्रदेशलखनऊ

Lakhimpur Kheri: पूर्व विधायक के घर नकदी-जेवर समेत 30 लाख की चोरी, आंगन और मैदान में पड़े मिले दो रिवॉल्वर

धौरहरा के पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी का ईसानगर क्षेत्र के बेलतुआ गांव में घर है। यहां वह परिवार के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोर नकदी जेवर समेत काफी सामान समेट ले गए। 

लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी के घर चोरी हो गई। चोरों ने बृहस्पतिवार रात वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि नकदी-जेवर समेत करीब 30 लाख रुपये की चोरी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। पुलिस जांच पड़ताल कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।

धौरहरा के पूर्व विधायक बाला प्रसाद अवस्थी का ईसानगर क्षेत्र के बेलतुआ गांव में घर है। यहां उनका परिवार रहता है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार देर रात चोर दीवार फांदकर उनके घर में घुसे थे। उन्होंने नकदी-जेवर समेत काफी सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग जागे तो घर में सामान बिखरा पड़ा देखा। तब उन्हें जानकारी हुई। पूर्व विधायक ने पुलिस को सूचना दी।

बाला प्रसाद अवस्थी के मुताबिक सभी लोग घर में ही सो रहे थे। चोरों के आने की भनक किसी को नहीं लगी। सुबह उनकी पत्नी जागीं। उन्होंने घर में सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ देखा। पूर्व विधायक के मुताबिक घर से 10 लाख रुपये की ज्वैलरी और 20 लाख रुपये नकदी चोरी हुई है।

 

चोरों ने कमरे से दो रिवॉल्वर भी उठा लिए थे। बाद में चोरों ने दोनों रिवॉल्वर घर के बाहर फेंक दिए। एक रिवॉल्वर मैदान से बरामद हुआ, दूसरा दरवाजे के बाद पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी प्रीतम पाल सिंह ने चोरी की घटना की गहनता से जांच कर मामले का जल्दी ही खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। थाना पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button