उत्तर प्रदेशलखनऊ

Mau News: सरयू नदी के नए पुल पर आवागमन शुरू, दोहरीघाट को जाम से मुक्ति

दोहरीघाट। ब्लॉक क्षेत्र के नई बाजार के पास सरयू नदी पर बन रहा फोरलेन नया पुल बनकर तैयार हो चुका है। सुरक्षा सत्यापन के बाद बृहस्पतिवार की शाम सात बजे पुल का एक लेन आवागमन के लिए खोल दिया गया। जिसके बाद नए पुल से आवागमन शुरू हो गया। इससे दोहरीघाट कस्बे को जाम से मुक्ति मिली है। गोरखपुर से मऊ और वाराणसी, मऊ व बलिया से गोरखपुर जाने वाले भारी वाहन अब फोरलेन से आ और जा सकेंगे। वहीं दूसरे लेन के निर्माण में भी तेजी आई है। कार्यदायी संस्था ने बताया कि छह माह के अंदर दूसरा लेन चालू हो जाएगा। पुल का निर्माण नहीं होने से दोहरीघाट में कस्बा से लेकर गोठा कुसुम्हा तक पांच किलोमीटर और आजमगढ़ रोड पर नई बाजार तक तीन किलोमीटर तक आए दिन जाम लग जाता था। अयोध्या में रामनवमी मेले के आयोजन को लेकर 15 अप्रैल से ही कस्बे में जाम लगा हुआ है। प्रोजेक्ट मैनेजर डायरेक्टर प्रदीप पाल, बड़हलगंज क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह, कोतवाल अश्वनी पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था जांचने और निरीक्षण के बाद लेन चालू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि बड़हलगंज की तरफ से ही छोटे वाहन जाएंगे लेकिन अभी दोहरीघाट की तरफ से अभी वाहनों के आने पर रोक लगी है।

Related Articles

Back to top button