उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्यलखनऊ

यूपी पुलिस ने खास अंदाज में दीं होली की शुभकामनाएं

होली के मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से खास अंदाज में सभी को शुभकामनाएं दी गईं। जवानों के होली मनाने की तस्वीरें शेयर करते हुए यूपी पुलिस के एक्स हैंडल पर लिखा गया “होली के रंग, खाकी के संग! गुलाल से रंगी वर्दी, चेहरे पर मुस्कान, सुरक्षा में तत्पर, यूपी पुलिस का हर जवान। होली की हार्दिक शुभकामनायें!” यूपी पुलिस की तरफ से जो तस्वीरें शेयर की गई हैं, उनमें पुलिस के जवान वर्दी में नजर आ रहे हैं और आम लोगों के साथ होली खेल रहे हैं।

तस्वीरों में ऊपर लिखा गया है “कर्तव्य का सबसे गहरा रंग खाकी”। इस पोस्ट के जरिए यूपी पुलिस की तरफ से यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि होली के त्योहार के मौके पर आम लोग गुलाल और रंग खेलते हैं, लेकिन पुलिस के जवानों के लिए उनके कर्तव्य का सबसे गहरा रंग खाकी है और वह खाकी का कर्तव्य पूरा करने के लिए परिवार के साथ त्योहार नहीं मना पाते हैं।

होली पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

देश में 64 साल बाद होली का त्योहार और जुमे की नमाज एक ही दिन है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यूपी में कई मस्जिदों को गुलाल से बचाने के लिए ढंक दिया गया है। संवेदनशील इलाकों पर होली से एक दिन पहले पुलिसकर्मियों ने मार्च निकाला था। होली के दिन भी कई जगह बैरिकेडिंग की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। इसी वजह से इस बार बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी त्योहार पर अपने घर नहीं जा पाए हैं। पुलिसकर्मियों की इसी तत्परता के कारण होली का त्योहार और जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो चुकी है। इस बीच पुलिस के जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए और उनकी तत्परता को सम्मान देने के लिए यह पोस्ट किया गया है।

Related Articles

Back to top button