बड़ी खबरराष्ट्रीय

Haryana Municipal Election Results: हरियाणा के 10 नगर निगमों में से 9 पर बीजेपी आगे, कांग्रेस सभी पर पिछड़ी

हरियाणा में निकाय चुनाव के परिणाम आज बुधवार 12 मार्च को सामने आने वाले हैं। हरियाणा के विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर समितियों के मेयर/अध्यक्षों और वार्ड सदस्यों के चुनाव लिए हुई वोटों की काउंटिंग हो रही है। बता दें कि इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच बताया जा रहा है। मतों की गिनती के बाद पानीपत समेत सभी नगर निकायों के नतीजे आज ही के दिन घोषित किए जाएंगे।

भाजपा 9 नगर निगमों आगे

हरियाणा के 10 नगर निगमों में से 9 पर बीजेपी आगे चल रही है। कांग्रेस सभी पर पिछड़ गई है। मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई है। कांग्रेस सभी 10 नगर निगमों में पिछड़ी हुई है। कांग्रेस विधायक और पहलवान विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र जुलाना के नगर पालिका में चेयरमैन पद पर बीजेपी की जीत हुई है।

सोनीपत में भाजपा की जीत

सोनीपत नगर निगम मेयर उपचुनाव की गिनती पूरी हो गई है। यहां बीजेपी ने कांग्रेस को बड़े अंतर से मात दी है। बीजेपी उम्मीदवार राजीव जैन ने कांग्रेस के उम्मीदवार कमल दीवान को करीब 34 हजार 766 वोटों से हराया है। इस जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। जीत के बाद बीजेपी के उम्मीदवार राजीव जैन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि- “यह जीत जनता की जीत है। सोनीपत की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। सोनीपत में ट्रिपल इंजन की सरकार काम करेगी। सोनीपत के विकास कार्यों के लिए काम करेंगे।”

सिरसा में BJP+HLP प्रत्याशी की जीत

सिरसा में ग्यारवें राउंड की गिनती पूरी हो गई है। BJP+HLP प्रत्याशी वीर शांति स्वरूप 12379 वोट से जीत गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी जसविंदर कौर 28682 वोट लेकर दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, BJP+HLP प्रत्याशी वीर शांति स्वरूप को 41061 वोट मिले हैं।

कब हुआ था मतदान?

पानीपत नगर निगम के महापौर एवं 26 पार्षदों के निर्वाचन के लिये रविवार को मतदान हुआ था। इससे पहले दो मार्च को सात नगर निगमों – गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर के महापौर तथा वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था। अंबाला और सोनीपत में महापौर पदों के लिए उपचुनाव तथा 21 नगर निगम समितियों में अध्यक्षों और वार्ड सदस्यों के चुनाव भी दो मार्च को हुए थे।

क्या बोली भाजपा-कांग्रेस?

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल में कहा था कि नगर निकाय चुनाव भाजपा जीतेगी और ‘‘ट्रिपल इंजन’’ सरकार बनने के बाद काम तीन गुना तेजी से होगा। वहीं, कांग्रेस ने मतदाताओं से पार्टी उम्मीदवारों को पूर्ण बहुमत से जिताने की अपील की थी।  हरियाणा में 10 साल से अधिक समय से सत्ता से दूर कांग्रेस नगर निगम चुनावों में अपनी चुनावी किस्मत बदलने की कोशिश कर रही है।

यहां दिखेंगे रिजल्ट

हरियाणा में निकाय चुनाव के परिणाम राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट https://secharyana.gov.in पर उपलब्ध होंगे। मतगणना को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए राज्य आयोग की ओर से जिला प्रशासन के साथ मिलकर  व्यवस्था की गई है। सभी मतगणना स्थलों पर चुनाव पर्यवेक्षक रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, मतगणना के दौरान, केंद्र पर किसी भी उम्मीदवार, मतगणना एजेंट या मतगणना कर्मचारी को मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, कैमरा, लैपटॉप, पेन, डिजिटल घड़ी आदि जैसे किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को लाने की अनुमति नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button