राज्यहरियाणा

बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन बनेगा आधुनिक, नए भवन और पुल का निर्माण जारी

बहादुरगढ़
 करीब 94 साल पुराना बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन अब पूरी तरह नए स्वरूप में नजर आएगा। वर्ष 1932 में बने इस स्टेशन का नवीनीकरण करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और रेलवे को उम्मीद है कि एक महीने के अंदर नया भवन यात्रियों के लिए तैयार हो जाएगा।

इसके साथ ही स्टेशन पर करीब 50 साल पुराने फुट ओवर ब्रिज को हटाकर उसी स्थान पर आधुनिक सुविधाओं वाला नया पुल भी बनाया जा रहा है। स्टेशन भवन का निर्माण आधुनिक डिजाइन के अनुसार किया जा रहा है। नए भवन में यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, साफ-सुथरे शौचालय, दिव्यांगजन के अनुकूल सुविधाएं और आकर्षक प्रवेश द्वार तैयार किए जा रहे हैं।

स्टेशन के नए स्वरूप से यात्रियों को अधिक सुविधाएं मिलने के साथ शहर की पहचान भी बदलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। पुराने फुट ओवर ब्रिज की जगह नया पुल बनने से प्लेटफार्मों के बीच आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।

स्टेशन परिसर के सुंदरीकरण और अन्य आवश्यक कार्य भी परियोजना में शामिल हैं। स्टेशन के नए भवन के तैयार होने के बाद बहादुरगढ़ को आधुनिक रेलवे स्टेशन की सौगात मिलेगी। वर्षों से स्टेशन के विस्तार और सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग कर रहे लोगों की उम्मीदें भी पूरी होंगी।

जब स्टेशन बना, तब भी सिंगल लाइन
दिल्ली-रोहतक रेलमार्ग पर बहादुरगढ़ का यह रेलवे स्टेशन वर्ष 1932 में बना था। उस समय इस रूट पर सिंगल रेल लाइन थी। बाद में यहां से लाइन का दोहरीकरण हुआ। वैसे तो अब इस रूट पर तीसरी लाइन की भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं विगत में जब प्रधानमंत्री ने देश भर के 500 रेलवे स्टेशन भवनों को आधुनिक बनाने की शुरूआत की तो उनमें यह स्टेशन भी शामिल हो गया। अब इसका कार्य जल्द पूरा होने वाला है।

    अभी निर्माण एजेंसी की ओर से एक महीने के अंदर नए स्टेशन भवन को पूरा करने की बात कही गई है। इससे यात्रियाें को भी सुविधा मिलेगी।
-अमरेंद्र सिंह, रेलवे स्टेशन अधीक्षक, बहादुरगढ़

Related Articles

Back to top button