उत्तर प्रदेशगाजीपुर

आगरा में एक साथ 49 उपनिरीक्षकों के तबादले, डीसीपी सिटी सूरज राय की कार्रवाई से मची खलबली

UP News: यूपी की ताजनगरी आगरा में कमिश्नर ने बड़े पैमाने पर तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कमिश्नरेट में शनिवार देर शाम को 49 उपनिरीक्षकों का एक साथ ट्रांसफर किया गया है। डीसीपी की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा है।

Agra SI Transfer: उत्तर प्रदेश की ताजनगरी आगरा में नए कमिश्नर जे रविन्दर गौड ने आते ही एक्‍शन दिखाना शुरू कर दिया था। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त हिदायत भी दी। इसके बावजूद कई दरोगा और इंस्पेक्टर की कार्यशैली में सुधार नहीं आया। इसी को लेकर शनिवार देर शाम आगरा में 49 उप निरीक्षकों का एक साथ तबादला किया गया। डिप्टी कमिश्नर सिटी सूरज राय की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। दूसरी ओर ये भी कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर पुलिस विभाग में फेरबदल किया जा रहा है।

इससे पहले भी कमिश्नर जे रविन्दर गौड़ ने आगरा में पुलिसकर्मियों और अफसरों के तबादले किए थे। उसी बीच यह चर्चा भी थी कि अभी कुछ और लोगों के तबादले भी होने हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने तबादलों की संख्या का खुलासा नहीं किया था, लेकिन इसकी सुगबुगाहट विभाग में शुरू हो चुकी थी। शनिवार को डीसीपी सिटी सूरज राय की कार्रवाई ने इसपर मुहर लगा दी। सभी दरोगाओं को तुरंत ड्यूटी जॉइन करने का आदेश दिया गया है। डीसीपी सिटी सूरज राय की इस कार्रवाई से पुलिसकर्मियों को ठंड के दिनों में पसीना आने लगा है। इसी बीच चर्चा यह भी है कि अभी भी कुछ नाम बच गए हैं। भविष्य में इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि कमिश्नर जे रविन्दर गौड की मंशा के अनुरूप जिले की पुलिसिंग व्यवस्‍था बेहतर बनाने के लिए शनिवार को 49 उप निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। हालांकि आगे की कार्रवाई के बारे में उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इतना जरूर कहा कि अगर किसी भी दरोगा, सिपाही या थाना प्रभारी के खिलाफ अनिय‌मितता या अन्य कोई शिकायत मिलेगी तो उसपर कार्रवाई जरूर की जाएगी।

वहीं दूसरी ओर पुलिस सूत्रों का कहना है कि आगरा में अभी एक और ट्रांसफर लिस्ट आना बाकी है। जिसमें भारी तादाद तबादले होने हैं। हालांकि इस विषय पर पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

Related Articles

Back to top button