उत्तर प्रदेशलखनऊ

Barabanki News: तालाब की खोदाई में निकली मूर्ति, पूजा-पाठ शुरू

सिद्धौर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र असंद्रा के कस्बा सिद्धौर स्थित अमहट तालाब की खोदाई के दौरान एक मूर्ति निकली। यह देख खुदाई में लगे मजदूरों ने लोगों को बताया तो भीड़ जुट गई। लोगाें ने मूर्ति की पूजा-पाठ शुरू कर दी। पुलिस को भी पहुंचना पड़ा।

नगर पंचायत सिद्धौर के अमहट वार्ड स्थित अमहट तालाब का 1.65 करोड़ की लागत से 20 दिनों से नगर पंचायत द्वारा सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। पहले जेसीबी से खोदाई कराई गई। उसके बाद ट्रैक्टर के करहा से मिट्टी निकाली जा रही थी।

रविवार की शाम ट्रैक्टर से एक मूर्ति टकराई। मिट्टी में सनी दो फीट की शिला में एक मूर्ति बनी हुई है। कुछ लोग इसे भगवान शिव की मूर्ति बता रहे हैं। वार्ड निवासी बृजेश कुमार, अनुज नाग, रामचंद्र ने बताया कि इस तालाब की मान्यता है कि यदि कोई बच्चा बोलता नहीं है तो इस तालाब में नहलाकर पानी पिलाया जाता है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली है। वहीं असंद्रा के एसएचओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लोग पूजा-पाठ कर रहे हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है।

Related Articles

Back to top button