उत्तर प्रदेशलखनऊ

UP: रेलवे लाइन किनारे खंडहर में हो रही थी हलचल, पहुंची पुलिस… दृश्य देख उड़े होश; लोकसभा चुनाव था टारगेट

रेलवे लाइन किनारे खंडहर में हलचल हो रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। पूछताछ में पता चला कि आरोपी का टारगेट लोकसभा चुनाव था

उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को तमंचों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह लोकसभा चुनाव में दहशत फैलाने के लिए बनाए जा रहे थे। रेलवे लाइन किनारे एक खंडहर मकान में हथियार बनाते हुए बौना गैंगस्टर को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भारी मात्रा में तमंचा बनाने का सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि योगेश उर्फ बोना गैंगस्टर उर्फ मोना निवासी भगवती नगर, रुक्मिणी विहार, शहर कोतवाली को रेलवे लाइन किनारे एक खंडहर मकान में चुनाव में खपाने के लिए हथियार बनाते हुए गिरफ्तार किया गया। बौना के खिलाफ गैंगस्टर सहित 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकारा कि चोरी और नशे की पुड़िया बेचने का काम करता था। मगर, चुनाव के समय तमंचों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह धंधा शुरू कर दिया था।

कब्जे से यह हुआ बरामद

आरोपी के कब्जे से चार तमंचे, चार अधबने तमंचे, दो ड्रिल मशीन, चार रेती, एक आरी, तीन लोहा काटने के ब्लेड, एक कैंची, दो हथौड़ा, एक सडासी, चार लोहा नाल, एक प्लास, दो पेचकस, पांच रिंच, एक छैनी, एक टुकड़ा लोहा रेल पटरी व अन्य माल बरामद हुआ है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर रवि त्यागी, एसआई नितिन त्यागी, एसआई संदीप कुमार, चौकी प्रभारी बागबहादुर अमित कुमार, अभिषेक गुप्ता आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button